साप्ताहिक राशिफल आखिर काम कैसे करता है?
How do Weekly Horoscopes work?


साप्ताहिक राशिफल आखिर काम कैसे करता है?
आपको ज़रूर जानना चाहिए !
अक्सर कई लोग कमेंट करते हैं कि राशिफल में आया था कि अचानक धनलाभ होगा, या सिंगल लोगों की लाइफ में नया व्यक्ति आएगा, पर मेरे साथ तो ऐसा कुछ हुआ नहीं। अपनी बुद्धि और ज्ञान से इसे समझाने का प्रयास करता हूँ।
राशिफल एक राशि (लगभग 30 दिन में जन्मे लोगों) के बारे में एक मार्गदर्शन देता है। उन तीस दिनों के लिए ग्रह-नक्षत्र, या मेरे राशिफल के लिए कहें तो टैरो कार्ड्स, एक सामान्य संकेत देते हैं—क्या संभव है, क्या सावधानी बरतें, क्या करें और क्या न करें।
आप इसे मौसम विभाग की जानकारी की तरह देख सकते हैं। मानिए भविष्यवाणी है कि मुंबई में बरसात होगी, ठंडी हवाएं चल सकती हैं, धूप नहीं निकलेगी या बहुत धूप निकलेगी। अब बरसात का जो असर एक झोपड़े वाले पर होगा, वही बंगले और बड़ी बहुमंजिला इमारत में रहने वाले पर नहीं होगा। अपनी कार, लोकल ट्रेन और बस में चलने वाले पर अलग-अलग असर पड़ेगा। कार वाला आराम से अपनी कार में बिना भीगे घर से निकलेगा और ऑफिस में पहुँच जाएगा, पर बस-ट्रेन वाले को वही बरसात छतरी में भी भीगा देगी। बरसात की चेतावनी से झोपड़े वाला अपना छप्पर ठीक करवाएगा और बंगले या अपार्टमेंट वाला बालकनी में बैठकर चाय-पकोड़े का आनंद लेगा। इसी तरह गर्मी और धूप पूरी मुंबई के लिए समान है, परन्तु झोपड़े में बैठा व्यक्ति पसीनो-पसीने हो जाएगा पर बंगले वाला अपना एसी चलाकर आराम से रहेगा।
तो जैसे मौसम की भविष्यवाणी पूरी मुंबई के लिए समान है, पर उसका असर अलग-अलग व्यक्ति के पास उपलब्ध सुख-साधनों पर निर्भर है; उसी तरह राशिफल उस विशेष राशि के 30 दिन में जन्मे लोगों के सर्वसामान्य संकेत हैं। प्रमोशन उसका होगा जिसने मेहनत की है, नया साथी उसे मिलेगा जो ऐसे स्थान या ग्रुप या ऐप पर हैं जहाँ नए लोग मिलते हैं, वह घर आकर दरवाज़ा खटखटा कर नहीं मिलेगा। सो, अपनी क्षमता के अनुसार आपको प्रभाव मिलेगा।
एक ही खेत, एक ही बगीचे, एक ही ज़मीन में खड़े दो अलग-अलग वृक्षों में अलग-अलग फल लगेंगे। आम यह नहीं कह सकता कि मुझमें संतरे क्यों नहीं उगे, संतरा यह नहीं कह सकता कि अरे मुझमें अंगूर क्यों नहीं उगे! बस, तो आपको इस पर ध्यान देना है कि जो संभावनाएं आपकी राशि के लिए बताई गई हैं, उसका आप अधिक से अधिक कैसे उपयोग कर सकते हैं? अपनी स्किल को इम्प्रूव करके, अपनी आध्यात्मिक यात्रा को मजबूत करके, अपने भजन और व्यवहार को मजबूत करके आप अपने कर्म ही नहीं, अपनी संभावनाओं को भी मजबूत कर सकते हैं।
आशा है यह बहुत ही सरल सा लेख आपके काम आएगा। आपके कोई प्रश्न हों तो कमेंट में ज़रूर लिखिएगा, मैं भी अपनी 'क्षमता' भर उत्तर देने का प्रयास करूँगा। आप सभी मेरे फेसबुक प्रोफाइल पर जुड़े हैं, इसको देखते और पसंद करते हैं, इसके लिए आभार।
अब अंत में फेसबुक के नियम-कायदे के अनुसार मैं भी लिख देता हूँ कि 'राशिफल कैसे काम करते हैं?' इस विषय के मेरे इस लेख को मित्रों, परिचितों और जिज्ञासु जनों से शेयर अवश्य कर दीजिएगा। आपकी प्रतिक्रिया और कमेंट की प्रतीक्षा रहेगी।
– आशीष पी. मिश्र
(सनातन सुधा)